रतनजोत बीज स्थिति नियंत्रण

जिला अस्पताल में चल रहा इलाज

रायपुर, 07 दिसंबर 2009 छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिला के ग्राम मकरनपुर स्थित प्राथमिक शाला के 19 बच्चों द्वारा रतनजोत का बीज खा लेने की वजह से बिगड़ी तबीयत, अब नियंत्रण में है। जिला प्रशासन इन बच्चों को इलाज के लिये जिला चिकित्सालय राजनांदगांव में भर्ती कराया गया है, जहां इनका इलाज जारी है।

आज दोपहर लगभग डेढ़ बजे जिला कलेक्टर डॉ. रोहित यादव को टेलीफोन पर यह सूचना मिली कि मकरनपुर के प्राथमिक शाला के बच्चों ने शाला के समीप लगे रतनजोत का बीज खा लिये हैं इसकी वजह से बच्चों को उल्टियां होने लगी हैं।

कलेक्टर ने तत्काल एसडीएम संजय गर्ग एवं तहसीलदार जीआर मरकाम को चिकित्सकों के दल एवं एम्बुलेंस के साथ मकरनपुर रवाना किया। जहां से बीमार बच्चों को तत्काल लाकर जिला चिकित्सालय में इलाज शुरू किया गया।

बच्चों की स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। आज शाम अपर कलेक्टर श्री केके अग्रवाल ने जिला चिकित्सालय का दौरा कर बच्चों के इलाज की स्थिति के बारे में जानकारी ली। अपर कलेक्टर ने बच्चों के पालकों से चर्चा की और उन्हें आश्वस्त किया कि प्रशासन द्वारा बच्चों के इलाज में किसी भी तरह की कमी नहीं होने दी जाएगी। सिविल सर्जन डॉ. एमके दिवाकर ने बताया कि बच्चों का जिला चिकित्सालय में नि:शुल्क इलाज किया जा रहा है। सभी बच्चों की स्थिति नियंत्रण में है। ऐहतियात के तौर पर बच्चों को आज चिकित्सकों की निगरानी में रखा जाएगा। स्थिति देखने के बाद कल छुट्टी दी जाएगी।