Chhattisgarh Prepares For Flood Hazards

Chhattisgarh Disaster management system take action well in advance
This time Action Plan to deal with the floods disaster
Instructions for arrangement of essential commodities, including life-saving medicines in (Pahunchvihin) non approachable areas in advance
Chhattisgarh state government issued circular in respect of rescue and relief system

इस बार बाढ़ से निपटने के लिए बनेगा 'एक्शन प्लान'
पहुंचविहीन क्षेत्रों में जीवन रक्षक दवाईयों सहित आवश्यक वस्तुओं का व्यवस्था पहले ही करने के निर्देश
छत्तीसगढ़ राज्य शासन ने बचाव एवं राहत व्यवस्था के संबंध में जारी किया परिपत्र

रायपुर, 14 मई 2009 छत्तीसगढ़ में आगामी मानसून के दौरान बाढ़ की स्थिति निर्मित होने पर बचाव के लिए पहले से ही प्रभावी कार्ययोजना 'एक्शन प्लान' तैयार कर लिया जाएगा। राज्य स्तर पर एवं प्रदेश के सभी जिलों में 24 घंटे कार्य करने वाला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित होगा। इस बार बाढ़ की स्थिति में पहुंचविहीन क्षेत्रों में पहले से ही पर्याप्त मात्रा में खाद्य सामग्री, जीवनरक्षक दवाईयों सहित अन्य सभी जरूरी वस्तुओं की व्यवस्था कर ली जाएगी। राज्य शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा सभी जिला कलेक्टरों को आगामी मानसून 2009 में प्राकृतिक आपदा से बचाव एवं राहत व्यवस्था करने के संबंध में जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मंत्रालय, दाऊ कल्याण सिंह भवन से जारी इन निर्देशों में सभी वर्षामापी केन्द्रों पर वर्षा मापने के यंत्रों की स्थापना और जानकारी संकलित करने के लिए अधिकारियों व कर्मचारियों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी परिपत्र के अनुसार आगामी मानसून 2009 में प्रदेश के सभी जिलों में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किए जाएंगे। इन नियंत्रण कक्षों का दूरभाष नम्बर राहत आयुक्त कार्यालय रायपुर में भी उपलब्ध रहेगा। सभी नियंत्रण कक्ष 24 घंटे कार्य करेंगे। जिलों में स्थापित होने वाले इन नियंत्रण कक्षों की जानकारी आम नागरिकों को उपलब्ध कराने के लिए इनका प्रचार स्थानीय समाचार पत्रों, आकाशवाणी और दूरदर्शन के माध्यम से भी किया जाएगा। प्रतिवर्ष बाढ़ से प्रभावित होने वाले क्षेत्रों की पहचान कर उनकी सतत् निगरानी करने और आवश्यकता पड़ने पर ऐसे स्थानों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने व उनको ठहराने के लिए कैम्प आदि स्थापित करने की योजना तैयार करने के निर्देश भी परिपत्र में दिए गए हैं।

राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष राहत आयुक्त कार्यालय रायपुर में स्थापित किया जाएगा। परिपत्र में बाढ़ एवं बचाव से संबंधित जानकारी एवं सूचना राहत आयुक्त कार्यालय के दूरभाष क्रमांक 0771-4080593, 2221242 एवं फैक्स नम्बर 0771-4034823 पर प्रतिदिन उपलब्ध कराने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। बाढ़ की स्थिति में सेना की मदद की आवश्यकता प्रतीत होने पर इसकी सूचना सचिव, राजस्व या राहत आयुक्त को व्यक्तिगत रूप से दूरभाष या मोबाइल पर दिए जाने के निर्देश भी सभी जिला कलेक्टरों को परिपत्र के माध्यम से जारी किए गए हैं।

आगामी मानसून में जिला स्तर पर बाढ़ से बचाव संबंधी सभी उपकरणों की उपलब्धता और उनकी दुरूस्ती आदि कराकर तुरन्त उपयोग के लिए तैयार रखे जाएंगे। जिन जिलों में मोटर बोट उपलब्ध हैं उनकी जानकारी राहत आयुक्त कार्यालय द्वारा प्राप्त की जा रही है। प्रदेश में बाढ़ की स्थिति निर्मित होने पर मोटर बोट एवं प्रशिक्षित जवानों को तुरन्त बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में रवाना किया जाएगा।

नगरीय क्षेत्रों में संबंधित नगर निगमों एवं नगरपालिका परिषद द्वारा नाले एवं नालियों की सतत् सफाई कराने के निर्देश भी राज्य शासन द्वारा जारी किए गए हैं। जिन जिलों में बड़ी नदियां बहती हैं उनके जिला कलेक्टरों को नदी के जल स्तर पर बराबर नजर रखने और जलस्तर के खतरे के निशान पर पहुंचने की संभावना से पहले इसकी सूचना राज्य स्तरीय कन्ट्रोल रूम एवं नदी प्रवाह में आने वाले अन्य जिलों के कलेक्टरों को लगातार देने के निर्देश भी दिए गए हैं। जलाशयों से जल छोड़ने पर विशेष ध्यान रखने एवं मानसून के दौरान सावधानी बरतने के निर्देश भी राज्य शासन द्वारा दिए गए हैं। बांधों का जल स्तर बढ़ने पर निचले जिलों एवं सीमावर्ती राज्यों को बारह घंटे पूर्व इसकी सूचना देने के निर्देश भी परिपत्र के माध्यम से सभी जिला कलेक्टरों को दिए गए हैं। मानसून 2009 के दौरान बाढ़ की स्थिति निर्मित होने पर बचाव सामग्री की उपलब्धता के लिए निदेशक, नागरिक सुरक्षा एवं नगर सेना, छत्तीसगढ़ मुख्यालय रायपुर से सम्पर्क किया जा सकता है।