Naxal Attack in Bijapur and Narayanpur
मुख्यमंत्री ने नक्सल हिंसा की तीव्र निन्दा की
रायपुर, 08 जून 2009 - मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने राज्य के नारायणपुर और बीजापुर जिलों में आज सवेरे नक्सल हिंसा की दो अलग-अलग वारदात में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के एक जवान की आकस्मिक मृत्यु पर गहरा दु:ख प्रकट किया है।
मुख्यमंत्री ने इन वारदातों की तीव्र निन्दा की है। उन्होंने कहा है कि बस्तर संभाग सहित छत्तीसगढ़ के अन्य नक्सल प्रभावित जिलों को हिंसा और आतंक से मुक्ति दिलाने के लिए हमारे पुलिस और सुरक्षा बलों के जवान पूरी मुस्तैदी से काम कर रहे हैं। हमारे जवानों का मनोबल काफी ऊंचा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नक्सल हिंसा की घटना में नारायणपुर जिले के ग्राम धनोरा में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की ग्यारहवीं बटालियन के एक जवान की मृत्यु हो गई, वहीं बीजापुर जिले में गंगालूर थाना क्षेत्र में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल के गश्ती दल पर भी नक्सलियों ने हमला किया। इस घटना में एक सहायक कमांडेंट सहित दो विशेष पुलिस अधिकारी घायल हुए। मुख्यमंत्री ने दोनों घटनाओं में घायल जवानों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।
Comments
Post new comment