Chhattisgarh Culture Minister has expressed grief over demise of Shri Habib Tanvir, Famous Rangkarmi, Theater Person.
सुप्रसिध्द रंगकर्मी श्री हबीब तनवीर के निधन पर संस्कृति मंत्री श्री अग्रवाल ने शोक व्यक्त किया
रायपुर, 08 जून 2009 - छत्तीसगढ़ संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने पद्म भूषण से सम्मानित सुप्रसिध्द रंगकर्मी एवं नाटय निर्देशक श्री हबीब तनवीर के आकस्मिक निधन पर गहन शोक व्यक्त किया है। श्री अग्रवाल ने आज यहां जारी अपने शोक संदेश में कहा कि श्री हबीब तनवीर का निधन रंगमंचीय दुनिया के लिए अपूरणीय क्षति है।
छत्तीसगढ़ संस्कृति मंत्री श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि श्री तनवीर ने छत्तीसगढ़ की समृध्द कला को रंगमंच के माध्यम से विश्व में ख्याति दिलाई। यह हमारे लिए गर्व की बात है कि श्री तनवीर रायपुर छत्तीसगढ़ के निवासी थे, और उनके द्वारा तैयार नाटकों में छत्तीसगढ़ की लोक कला का प्रभाव रहता था। श्री तनवीर ने अनेक छत्तीसगढ़िया कलाकारों की प्रतिभा को निखारकर उन्हें अन्तर्राष्ट्रीय रंगमच की दुनिया तक पहुंचाया। उन्होंने समय-समय पर छत्तीसगढ़ के अनेक स्थानों पर नाटय कार्यशाला का आयोजन कर छत्तीसगढ़ के कलाकारों को प्रतिभा प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान किया।
श्री अग्रवाल ने 'चरण दास चोर', 'बहादुर कलारिन', 'गांव के नाम ससुराल मोर नाम दामाद', 'आगरा बाजार' जैसे नाटकों की विशेष रूप से चर्चा की। श्री अग्रवाल ने स्वर्गीय श्री तनवीर के शोक संतप्त परिवारजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।
Comments
Post new comment