Jan Darshan Dr Raman Singh Chief Minister Chhattisgarh 25 June 2009

Dr Raman Singh started his career as Ayurveda Doctor for poor people. Jandarshan an open meeting for all at Raipur Chief Minister Residence today gain revived the Doctor for Poor image but with different angle. Chief Minister Chhattisgarh examined social economic, public and personal sorrow and pain like a Doctor and assured appropriate administrative therapy to hundreds of people, which made them happy.

Chief Minister Jandarshan CM Jan Darshan News in Hindi with a lot of details -
गरीबों के डॉक्टर ने दिया दु:ख-दर्द के इलाज का भरोसा : खिल उठे चेहरे
मुख्यमंत्री ने 'जनदर्शन' में सुनी सैकड़ों लोगों की फरियाद

रायपुर, 25 जून 2009 - गरीबों के डॉक्टर के रूप में अपने सार्वजनिक जीवन की शुरूआत कर लोकप्रियता हासिल करने वाले छत्तीसगढ़ के आयुर्वेद चिकित्सक मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज सवेरे यहां अपने निवास पर राज्य के विभिन्न जिलों से काफी उम्मीदों के साथ बड़ी संख्या में आए आम नागरिकों और ग्रामीणों की सामाजिक-आर्थिक, सार्वजनिक और व्यक्तिगत हर प्रकार के दु:ख-दर्द का जायजा लेकर उनके समुचित प्रशासनिक इलाज का भरोसा दिलाया। डॉ. सिंह ने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से आए किसानों, मजदूरों और परेशान हाल महिलाओं से काफी आत्मीय अंदाज में बातचीत करते हुए उनके दु:ख दर्द को दूर करने के लिए हर संभव मदद का भी वायदा किया।

मुख्यमंत्री के स्नेह और अपनत्व भरे इस व्यवहार से वहां मौजूद सभी आवेदकों के चेहरे अनायास खिल उठे। रायपुर जिले के आदिवासी बहुल विकासखण्ड मैनपुर से आए विशेष पिछड़ी कमार जनजाति के ग्रामीणों के आवेदन पर मुख्यमंत्री ने वहां इस समुदाय के पांचवीं कक्षा उत्तीर्ण महादेव आत्मज बजारू राम को झरियाडीह (बेहराडीह)के हाईस्कूल स्तर के कमार आश्रम विद्यालय में जल-वाहक के पद पर नियुक्ति का भरोसा दिलाया और कलेक्टर को इसके लिए आवश्यक निर्देश जारी करने का आदेश दिया। कमार प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि उनके सात दिसम्बर 2008 के प्रवास के दौरान उन्होंने कमार बच्चों के लिए यह हाईस्कूल खोलने की घोषणा की थी। उनकी घोषणा के अनुरूप हाईस्कूल विगत एक वर्ष से संचालित हो रहा है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने राजधानी रायपुर के ब्रम्हपुरी निवासी एक गरीब महिला श्रीमती शाजदा बेगम और उनके पति के आवेदन पर उनकी बिटिया की शादी के लिए पांच हजार रूपए का अनुदान भी तत्काल मंजूर कर दिया।

'जनदर्शन' कार्यक्रम में जांजगीर-चाम्पा जिले के विकासखण्ड बम्हनीडीह की ग्राम पंचायत सरहर और विकासखण्ड नवागढ़ की विभिन्न ग्राम पंचायतों के महिला स्व-सहायता समूहों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की और उन्हें बताया कि उनके समूहों द्वारा प्राथमिक और मिडिल स्कूलों में बच्चों के मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम का संचालन किया जा रहा है लेकिन कभी चावल की आपूर्ति में देरी होती है तो कभी जनपद पंचायत से तीन-चार महीनों के बाद राशि मिलती है। राशि और चावल का कूपन अलग-अलग कार्यालयों से जारी होने के कारण समूह के प्रतिनिधियों को दोनों कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। इसलिए प्रक्रिया का सरलीकरण करते हुए राशि और कूपन किसी एक कार्यालय से ही जारी करने की व्यवस्था होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने उजाला महिला स्व-सहायता समूह ग्राम सरहर और विकासखण्ड नवागढ़ के सभी महिला समूहों के प्रतिनिधियों को इस समस्या के समाधान के लिए जल्द से जल्द उचित पहल करने का भरोसा दिलाया। मुख्यमंत्री को रायपुर जिले के ग्राम कोपरा से आए किसानों के प्रतिनिधि मंडल ने ज्ञापन सौंपकर बताया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थित बहुमूल्य शासकीय जमीन को कुछ लोगों ने साजिश रच कर स्वयं के नाम पर दर्ज करवा लिया है और यहां तक कि श्मशान घाट, तालाब पार, स्कूल के मैदान और अन्य सार्वजनिक महत्व की सरकारी जमीनों को भी कुछ लोगों द्वारा बेचा जा रहा है। किसानों और ग्रामीणों ने पटवारी हल्का नम्बर 15 के अन्तर्गत इस मामले में त्वरित कार्रवाई करने का अनुरोध किया। डॉ. रमन सिंह ने शिकायत को गंभीरता से लेकर कलेक्टर को प्रकरण की जांच जल्द करने के निर्देश जारी किए। कोपरा के ही ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को एक अन्य आवेदन देकर वहां बाढ़ नियंत्रण उपायों के तहत नदी के किनारे तटबंध निर्माण की जरूरत बताई डॉ. सिंह ने इसके लिए कलेक्टर रायपुर को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

रायपुर जिले के आदिवासी विकासखण्ड छुरा के सोरिद से आए ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री को दिए गए ज्ञापन में वहां के हाईस्कूल का उन्नयन हायर सेकेण्डरी स्कूल के रूप में जल्द कराने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने अपनी पूर्व घोषणा का उल्लेख करते हुए कलेक्टर रायपुर को इस प्रकरण में त्वरित कार्रवाई के निर्देश जारी किए। दुर्ग जिले के ग्राम कुगदा, तहसील पाटन के किसानों ने वहां मवेशियों के चारागाह के लिए निस्तारी के रूप में आरक्षित भूमि को छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल की आवासीय परियोजना के लिए अधिग्रहित किए जाने का उल्लेख करते हुए उचित मुआवजा दिलाने का अनुरोध किया डॉ. रमन सिंह ने उनका आवेदन गृह निर्माण मंडल के आयुक्त को भेजकर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए। डॉ. सिंह ने किसानों को भरोसा दिलाया कि इस मामले का परीक्षण कर जल्द उचित निर्णय लिया जाएगा। उनके साथ अन्याय नहीं होगा। मुख्यमंत्री को इस मौके पर राजनांदगांव जिले के ग्राम चिचोला से आए श्री चन्द्रिका प्रसाद डड़सेना ने एक ज्ञापन सौंपकर ग्राम पंचायत नागरकोहरा के आश्रित गांव कल्लू टोला (कल्याणपुर ) निवासी किसान श्री बुधराम आत्मज श्री धनेश साहू की 50 डिसमिल भूमि का अधिग्रहण खातूटोला सिंचाई बैराज की मुख्य नहर के लिए कर लिए जाने की जानकारी दी और उन्हें जल्द उचित मुआवजा दिलाने का आग्रह किया। डॉ. सिंह ने उनका ज्ञापन जल संसाधन विभाग के सचिव को भेजकर इस मामले में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। सिंचाई नहरों के रख-रखाव के लिए गठित जल-उपभोक्ता संगठन राजनांदगांव के प्रतिनिधि मंडल ने भी आज रायपुर आकर मुख्यमंत्री से मुलाकात की। उन्होंने डॉ. रमन सिंह को ज्ञापन देकर बताया कि सिंचाई नहरों की देख-भाल के लिए जल उपभोक्ता संस्थाओं को राजनांदगांव सब डिविजन में दस रूपए प्रति हेक्टेयर की दर से राशि दी जाती है, जिसे बढ़ाकर एक सौ रूपए किया जाना चाहिए। प्रत्येक संस्था में जल संसाधन कार्यालय की स्थापना होनी चाहिए। राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारण्टी योजना के तहत सिंचाई नहरों से संबंधित निर्माण कार्य जल उपभोक्ता संस्था के माध्यम से कराया जाना चाहिए। प्रतिनिधि मण्डल ने मुख्यमंत्री को इस प्रकार के ग्यारह सुझाव दिए। डॉ. सिंह ने उनके सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करने का वायदा किया।

मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर ग्राम खैरबना कला, जिला कबीरधाम के यादव समाज के प्रतिनिधि मण्डल ने बताया कि एक आरक्षक ने कल 24 जून को दिवंगत श्रीमती वेदकुवंर यादव के निवास पर समाज के कुछ लोगों के साथ मारपीट की और मकान में ताला भी लगवा दिया । डॉ. रमन सिंह ने इस शिकायत को गंभीरता से लिया और कबीरधाम के पुलिस अधीक्षक को मामले की त्वरित जांच करने के निर्देश जारी किए।