Working of NMDC Soon Started

NMDC Soon Start Working Chhattisgarh

Raipur Detailed News in Hindi
एनएमडीसी शीघ्र काम प्रारंभ करें-डॉ.रमनसिंह

रायपुर 08 जून - प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ.रमनसिंह ने 8 जून 2009 को जगदलपुर के कलेक्टोरेट में हुई बस्तर एव दक्षिण क्षेत्र आदिवासी विकास प्राधिकरण में एनएमडीसी के अधिकारियों को यह निर्देशित किया कि वे नगरनार क्षेत्र. में स्थापित होने वाले वृहद इस्पात संयंत्र के काम में तेजी लाएं। मुख्यमंत्री डॉ.रमनसिंह ने कहा कि 3 सितम्बर 2008 को पूर्व केन्द्रीय इस्पात मंत्री श्री रामविलास पासवान द्वारा महत्वपूर्ण घोषणाएं की गयी थी। इसके अन्तर्गत प्रमुख रूप से नगरनार क्षेत्र में डीपीएस स्कूल, अंतरराष्ट्रीयस्तर का स्पोर्टस कॉम्पलैक्स, आई.टी.आई. और अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस अस्पताल खोले जाने की घोषणा की गयी थी। मुख्यमंत्री ने इन घोषणाओं को पुर्नरेखांकित करते हुए एनएमडीसी प्रबंधन के वित्त मामलों के संचालक श्री के.वेकंटेश्वर लू और नगरनार परियोजना प्रबंधक श्री आलोक मेहता को निर्देशित किया कि वे पूर्व में इसी संदर्भ में हुई बैठकों में दिए गए अनुदेशों को अनुपालित करते हुए शीघ्र काम प्रारंभ करें, ताकि नगरनार क्षेत्र के ग्रामीणों और नागरिकों को इन सहूलियतों का लाभ मिलना शुरू हो सके। बैठक में एनएमडीसी प्रबंधन के अधिकारियों ने जानकारी दी। उन्होंने जमीन की और भी आवश्यकता के संबंध में कलेक्टर के माध्यम से शासन को प्रस्तुत किए गए प्रस्ताव के बारे में बताया। बैठक में उपस्थित कलेक्टर श्री मनोहर सिंह परस्ते ने नगरनार इस्पात संयंत्र. की स्थापना के क्षेत्र में भू-अधिग्रहण किए जाने हेतु धारा-4 के प्रकाशन के पश्चात आगे की कार्यवाही किए जाने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री डॉ.रमनसिंह ने कहा कि क्षेत्रवासियों की मांग को ध्यान में खकर पूर्व केन्द्रीय इस्पात मंत्री की घोषणाओं पर पहले अमल किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने वर्तमान में उपलब्ध स्थानों और भवनों पर स्कूल, अस्पताल और आई.टी.आई.आदि चालू कराए जाने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्यमंत्री डॉ.रमनसिंह ने लोहंडीगुड़ा क्षेत्र में स्थापित होने वाले टाटा इस्पात संयंत्र के संबंध में अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। बस्तर कलेक्टर श्री मनोहर सिंह परस्ते ने उन्हें मुआवजा वितरण की स्थिति से अवगत कराया।